हिंदू संगठनों का प्रदर्शन दो घंटे दुकानें बंद
HNN/कुल्लू
संजौली स्थित मस्जिद में अवैध निर्माण हटाने और प्रवासियों की जांच की मांग को लेकर शिमला ग्रामीण विधानसभा के सुन्नी में आज हिंदू संगठनों के लोग प्रदर्शन करने जा रहे हैं। सुन्नी बाजार में प्रदर्शन को देखते हुए ज्यादातर दुकानें बंद हैं।
स्थानीय थाने के अलावा बटालियन से भी रिजर्व मंगवाई गई है। हालांकि, इसकी प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई है। बावजूद इसके पुलिस ने एहतियात के तौर पर अतिरिक्त फोर्स यहां तैनात कर दी है। एडीएम (कानून-व्यवस्था) अजीत भारद्वाज ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे और हर स्थिति पर नजर रखेंगे।
हिंदू जागरण मंच के पूर्व पदाधिकारी कमल गौतम ने संजौली में हिंदू समाज पर लाठीचार्ज के विरोध में प्रदेश बंद का आह्वान किया है। हिमाचल व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष सोमेश शर्मा और महामंत्री राकेश कैलाश ने कहा कि हिंदू संगठनों के हिमाचल बंद का व्यापारी समर्थन करते हैं। शनिवार को सुबह 9 से 11 बजे तक व्यापारी दुकानें बंद रखकर इसमें सहयोग करेंगे।