अगले महीने राशन की दुकानों पर मिलेगा इतने किलो आटा, सरकार ने जारी की अधिसूचना
HNN / शिमला
हिमाचल प्रदेश के राशन डिपुओं में सरकार ने एपीएल परिवारों के आटे के कोटे में डेढ़ किलो प्रतिकार्ड की बढ़ोतरी की है। करीब सात साल बाद एपीएल परिवारों को फरवरी में 15 किलो आटा दिया जाएगा। इससे पहले कांग्रेस सरकार के समय ही 15 किलो आटा दिया गया था। इसको लेकर सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है।
गौरतलब है कि प्रदेश में करीब 11.50 लाख एपीएल कार्ड धारक हैं। इन्हें वर्तमान में 13.5 किलो आटा प्रति परिवार दिया जा रहा है। यह आटा नौ रुपये 30 पैसे के हिसाब से मिलता है। एपीएल उपभोक्ताओं को कई सालों से आटे का यही कोटा मिल रहा है। लेकिन अब सरकार के डिपुओं में मिलने वाले आटे को काफी समय बाद बढ़ाया है।
उधर, जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र धीमान ने बताया कि प्रदेश के राशन डिपुओं में 15 किलो आटा एपीएल परिवारों को दिया जाएगा। इसके लिए डिपो संचालकों को बता दिया गया है। फरवरी में राशन डिपुओं में यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।