Loading...

अग्निशमन और होमगार्ड के जवानों ने बताए आपदा प्रबंधन के गुर

PARUL • 6 Oct 2023 • 1 Min Read

HNN/नाहन

जिला सिरमौर के विकासखंड कार्यालय संगड़ाह के समिति सभागार में आपदा प्रबंधन पर चल रहे तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में दूसरे दिन होमगार्ड के जवानों ने दुर्घटना के समय में बरती जाने वाली सावधानियां एवं बचाव कार्य कैसे किए जाएं इसको लेकर विस्तृत जानकारी दी। तो वहीं पर दोपहर बाद दूसरे सत्र में अग्नि शमन विभाग नाहन से आए फायरमैन तपेंद्र तोमर दीप राम शर्मा जेएस ठाकुर ने आग से से होने वाली क्षति एवं उसके बचाव के बारे में शिविर में आए लोगों को विस्तृत जानकारी प्रदान की।

तपेंद्र तोमर ने कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण ले रहे पुरुष एवं महिलाओं को आग बुझाने के तरीके का प्रयोग करके दिखाया। प्लाटून कमांडर नरेश, प्लाटून कमांडर संतोष कुमारी, कंपनी कमांडर सुरेश कुमार के नेतृत्व में करीब आधा दर्जन होमगार्ड के जवानों ने लोगों को आपदा के समय में किस प्रकार ऊंची इमारत से लोगों को बचाना चाहिए इसके बारे में बताया।

आपातकाल के समय में घायलों को तुरंत सहायता प्रदान करना तथा दुर्घटना के समय में किस प्रकार घायलों को सड़क तक पहुंचाना व वहां से स्वास्थ्य उपचार के लिए चिकित्सालय तक ले जाना आदि के बारे में विस्तृत जानकारी तथा प्रयोग विधि से जानकारी प्रदान की। इस दौरान आपदा प्रबंधन कार्यालय नाम से आए आपदा प्रबंधन समन्वयक राजन कुमार, अरविंद चौहान, भूपेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।