HNN/ कालाअंब
अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत मंगलवार को दमकल चौकी कालाअंब ने स्थानीय एक उद्योग में जागरुकता अभियान चलाया। इस मौके पर अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने ओजोन इंडस्ट्री के 300 कर्मचारियों को आग से बचाव को लेकर विभिन्न तकनीकों से प्रशिक्षित किया। जहां दमकल कर्मियों ने फायर सेफ्टी संयंत्रों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
फायर चौकी कालाअंब के लीडिंग फायरमैन राजेश कुमार ने बताया कि 14 अप्रैल से शुरू हुए अग्निशमन सेवा सप्ताह के अंतर्गत विभाग के कर्मी लोगों को जागरूक करने में जुटे हैं। इसे लेकर औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों को आग से बचाव को लेकर जानकारी दी जा रही है।
इसी कड़ी में मंगलवार को ओजोन फैक्टरी में भी जागरूकता अभियान चलाया गया। जहां सैकड़ों कर्मचारियों को हर तरह की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस फैक्टरी परिसर में फायर हाइड्रेंट लगाए गए हैं, ताकि अग्निकांड के वक्त तुरंत आग पर काबू पाया जा सके। लिहाजा, जागरुकता अभियान के दौरान कर्मचारियों को इन फायर हाइड्रेंट को ऑपरेट करने के बारे में भी जानकारी दी गई।
राजेश कुमार ने बताया कि अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों का चलाने और अग्नि से सुरक्षा व बचाव इत्यादि से संबंधित जानकारी को लेकर सार्वजनिक स्थलों, औद्योगिक क्षेत्रों, शैक्षिक संस्थानों, सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में जाकर जागरूकता पैदा करने के लिए प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं।
अग्निशमन सेवा सप्ताह 20 अप्रैल तक मनाया जाएगा। इस मौके पर फायरमैन प्रदीप कुमार, हवलदार लाल सिंह व चालक मंजीत सिंह आदि ने भी कर्मचारियों को जागरूक किया।

