Arrest / बद्दी ग्रेनेड बरामदगी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, तीनों 5 अक्तूबर तक रिमांड पर
Arrest / बद्दी में हैंड ग्रेनेड बरामदगी मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी सलीम मोहम्मद निवासी माजरा को गिरफ्तार किया है। नालागढ़ अदालत ने सलीम, उसकी भाभी किरना और मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ को 5 अक्तूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच के लिए डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम गठित की गई है।
सोलन/नालागढ़
पुलिस ने सलीम मोहम्मद और बुधवार को गिरफ्तार की गई उसकी भाभी किरना पत्नी रशीद मोहम्मद को गुरुवार को नालागढ़ अदालत में पेश किया। इससे पहले मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ को बुधवार को अदालत में पेश किया गया था। पुलिस रिमांड के दौरान तीनों आरोपियों से ग्रेनेड की बरामदगी, उसके मुख्य स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में एसआईटी गठित
एसपी विनोद धीमान ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के लिए डीएसपी नालागढ़ की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम गठित की गई है। बद्दी पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ग्रेनेड कहां से लाया गया और किन परिस्थितियों में उसे घर में छिपाया गया था। जांच टीम बरामदगी से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने के साथ ग्रेनेड लाने के मकसद और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल करेगी।
मुख्य आरोपी पेशे से ट्रक चालक
पुलिस जांच के अनुसार मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद पेशे से ट्रक चालक है और वह जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भी एक मामले में जेल काट चुका है। वहां से वह स्थानीय लोगों की जमानत पर बाहर आया था। जांच में यह भी सामने आया है कि रशीद और उसके भाई के संबंध पड़ोसियों से अच्छे नहीं थे। आरोप है कि रशीद ने ग्रेनेड अपने घर में छिपाकर रखे थे और विवाद के दौरान उन्हें पड़ोसियों के मकान पर पत्थर की तरह फेंका था।
पुलिस के अनुसार ग्रेनेड का एक मुख्य कंपोनेंट गायब होने के कारण विस्फोट नहीं हो सका। अब रिमांड के दौरान आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि ये ग्रेनेड कहां से प्राप्त किए गए थे और इन्हें लाने का मकसद क्या था। पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की संभावित भूमिका और ग्रेनेड के स्रोत से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है।