अजय सोलंकी की मांगों पर मुख्यमंत्री की मुहर
नाहन मेडिकल कॉलेज के लिए 500 करोड़ मंजूर, धौलाकुआं में एग्रीकल्चर कॉलेज खोलने पर भी सहमति
नाहन
जिला सिरमौर मुख्यालय नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई अहम मांगें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और अन्य मांगों को भी जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
विधायक अजय सोलंकी की ओर से नाहन में डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करवाने की मांग रखी गई, जिस पर मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के लिए 500 करोड़ रुपये की स्वीकृति देते हुए जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाने का आश्वासन दिया।

वहीं अजय सोलंकी ने धौलाकुआं क्षेत्र में पर्याप्त भूमि और संसाधन उपलब्ध होने तथा क्षेत्र के किसानों की मांग को ध्यान में रखते हुए वहां एग्रीकल्चर कॉलेज खोलने की मांग भी प्रमुखता से उठाई। मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सहमति जताते हुए कहा कि धौलाकुआं में एग्रीकल्चर कॉलेज खोलने की दिशा में जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा विधायक अजय सोलंकी ने विक्रमबाग और खैरवाला में पुल निर्माण, कोलर क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल शुरू करने, नाहन शहर में मल्टी स्टोरी पार्किंग के लिए बजट जारी करने तथा त्रिलोकपुर में सब-तहसील खोलने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। इसके लिए पांच नए पटवार सर्किल बनाने की आवश्यकता भी बताई गई।
विधायक ने मारकंडा नदी के चैनलाइजेशन और माजरा क्षेत्र की सूखी खड्ड के चैनलाइजेशन का मुद्दा भी उठाया। साथ ही नाहन उपमंडल के धारटीधार क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 8.5 करोड़ रुपये की तैयार डीपीआर को स्वीकृति देने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधायक अजय सोलंकी की ओर से उठाए गए मुद्दों को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सिरमौर जिले के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इन मांगों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विधायक अजय सोलंकी द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों और कार्यक्रम की बेहतर व्यवस्थाओं की भी सराहना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री के नाहन पहुंचने पर जिला कांग्रेस कमेटी, नाहन मंडल कांग्रेस, महिला कांग्रेस और विभिन्न संगठनों की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। अधिवक्ता वीरेंद्र पाल की अगुवाई में वरिष्ठ अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, पूर्व विधायक किरनेश जंग, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा, एसपी निशचिंत नेगी सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।