Loading...

अज्ञात कार ने स्कूटी को मारी जोरदार टक्कर, पुलिस जवान की मौत

By PARUL Published: 21 Feb 2024, 4:48 PM | Updated: 21 Feb 2024, 4:48 PM 1 min read

HNN/ऊना

जिला ऊना के लालसिंगी में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां एक कार और स्कूटी की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी सवार पुलिस जवान की मौत हो गई है। मृतक की पहचान राज बहादुर पुत्र दलीप सिंह निवासी पालकवाह, हरोली के रूप में हुई है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज बहादुर पुलिस लाइन झलेड़ा में तैनात थे। बीते मंगलवार की रात को वह ऊना से झलेड़ा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे चल रही एक कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गए। वहीं कार चालक मौके से फरार हो गया। जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया। जहां पर उपचार के दौरान राज बहादुर की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्यवाही शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।