चंबा में दर्दनाक हादसा, ढांक से गिरकर 30 वर्षीय युवक की मौत…गांव में पसरा मातम
Accident / हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में खेतों में काम करते समय ढांक से गिरकर 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
चंबा
जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के सलूणी उपमंडल की टिकरू पंचायत की है। मृतक की पहचान नीरज (30 वर्षीय), पुत्र शेर सिंह निवासी टिकरू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीरज सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अपने खेत में काम कर रहा था। इसी बीच अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ढांक में जा गिरा। हादसा होते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को नागरिक अस्पताल सलूणी ले गए, लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में स्थानीय पंचायत प्रधान ने किहार पुलिस थाना को सूचित किया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

