Loading...

सिरमौर में रफ्तार का कहर! ट्रक के टायर तले कुचला पूर्व सैनिक, दर्दनाक मौत

Shailesh Saini • 20 Nov 2026 • 1 Min Read

सेना से दो साल पहले हुए थे सेवानिवृत्त, पत्नी और दो बेटों के सिर से उठा सहारा; हादसे के बाद ट्रक लेकर निकला चालक

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | पांवटा साहिब

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में रफ्तार और कथित लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। भूपपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से भारतीय सेना के पूर्व सैनिक सुखदर्शन शर्मा (48) की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि मोटरसाइकिल सवार पूर्व सैनिक सड़क पर गिरकर ट्रक के पिछले टायर के नीचे आ गए। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

मृतक की पहचान सुखदर्शन शर्मा पुत्र नाथ सिंह, निवासी गांव कठाना, डाकघर सुरला, तहसील नाहन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुखदर्शन शर्मा करीब दो वर्ष पहले भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। देश की सीमाओं की रक्षा करने के बाद परिवार के साथ सुकून भरी जिंदगी बिता रहे पूर्व सैनिक की इस तरह अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

वह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।पुलिस को दी शिकायत में वार्ड नंबर-6, बांगरन चौक निवासी रजत चौहान ने बताया कि वह भूपपुर में सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान बद्रीपुर की ओर से एक मोटरसाइकिल रैनबैक्सी चौक की तरफ जा रही थी। मोटरसाइकिल के साथ उसी दिशा में एक ट्रक भी चल रहा था। आरोप है कि ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए कंडक्टर साइड से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर गया और ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल पूर्व सैनिक को एंबुलेंस के माध्यम से पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शिकायतकर्ता के अनुसार हादसे के बाद ट्रक चालक अनवर अली, निवासी हरिपुर टोहाना, ट्रक लेकर रैनबैक्सी की दिशा में चला गया।एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस थाना पांवटा साहिब में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब की सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर सड़कों पर वाहन चालकों की कथित लापरवाही का खामियाजा कब तक निर्दोष लोगों और उनके परिवारों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ेगा।र