अज्ञात लोगों ने मंगला क्षेत्र में तोड़ी पूर्व विधायक के नाम की शिलान्यास पट्टिका
HNN/चंबा
जिला चंबा के साथ लगते मंगला क्षेत्र में पूर्व विधायक पवन नैय्यर के नाम की शिलान्यास पट्टिका को कुछ अज्ञात लोगों ने तोड़ दिया है। जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस चौकी सुल्तानपुर में लोक निर्माण विभाग ने शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस प्रशासन से शिलान्यास पट्टिकाओं को तोड़ने वाले अज्ञात लोगों पर कार्यवाही करने की मांग उठाई है। जानकारी के अनुसार, सदर के पूर्व विधायक पवन नैय्यर ने मंगला से टपूण तक जीप योग्य सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास 20 सितंबर, 2020 को किया था। इस शिलान्यास पट्टिका को शरारती तत्वों ने गिरा दिया है।
वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज नरयाल ने बताया कि प्रदेश सरकार बदले की भावना से कार्य कर रही है। भाजपा विधायकों की शिलान्यास पट्टिकाओं को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। यह गलत राजनीति है।