FIR / लोहे का गेट काटने के विरोध पर महिला से मारपीट का आरोप, पति समेत कई पर केस
FIR / नाहन में एक महिला ने लोहे का गेट ड्रिल मशीन से काटने का विरोध करने पर पति, सास और अन्य रिश्तेदारों पर रास्ता रोककर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरमौर/नाहन
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपने बच्चों को सुला रही थी। इसी दौरान उसके पति इमरान खान, सास फिरदोस बेगम और अन्य रिश्तेदारों ने घर की सीढ़ियों पर लगे लोहे के गेट को ड्रिल मशीन से काटना शुरू कर दिया। महिला का कहना है कि उसने इसका विरोध किया तो वह डर के कारण एक छत से दूसरी छत पर कूदकर सड़क तक पहुंची और कच्चा टैंक पुलिस चौकी की ओर जाने लगी।
महिला ने आरोप लगाया कि कैंट चौक के सामने आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पति, सास और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।