Loading...

अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रक चालक की हुई मौत

By PARUL Published: 19 Feb 2024, 12:29 PM | Updated: 19 Feb 2024, 12:29 PM 1 min read

HNN/मंडी

जिला मंडी में उपमंडल सुंदरनगर के भोजपुर में एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां जल शक्ति विभाग के कार्यालय के सामने सड़क पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ट्रक चालक की मौत हाे गई। मृतक की पहचान भीष्म सिंह (44) पुत्र तीखू राम निवासी गांव साहज, डाकघर जस्सल, तहसील करसोग व जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना सुंदरनगर को फोन पर सूचना मिली कि जल शक्ति विभाग के कार्यालय के पास फुटपाथ किनारे एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सुंदरनगर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच में उन्होंने पाया कि सड़क की दूसरी तरफ एक ट्रक खड़ा था और मृत व्यक्ति उस ट्रक का चालक था। इससे यह पता चला है कि ट्रक चालक ट्रक पार्क करके सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन की टक्कर का शिकार हो गया और अज्ञात वाहन टक्कर मार कर मौके से फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की पुष्टि डीएसपी भारत भूषण द्वारा की गई है।