Loading...

अज्ञात वाहन ने स्कूटी को मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा घायल

PARUL • 21 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/कांगड़ा

जिला कांगड़ा में पुलिस थाना शाहपुर के तहत पुहाड़ा मोड़ पर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार दो व्यक्तियों को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई है। जबकि स्कूटी चालक घायल हुआ है।

मृतक की पहचान विजय कुमार (44) निवासी नरेड़, डाकघर रिहलु, शाहपुर के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति की पहचान ऋषि निवासी नरेड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऋषि और विजय गांव के रास्ते से स्कूटी पर आ रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विजय कुमार को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी शाहपुर सुरजीत सिंह ने मामले की पुष्टि की है।