Loading...

अटल टनल सहित कई पर्यटन स्थलों में हुई सीजन की पहली बर्फ़बारी, रोहतांग दर्रा हुआ बंद

Ankita • 16 Oct 2023 • 1 Min Read

HNN/ लाहौल स्पीति

अटल टनल में भी बर्फबारी हुई है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल अटल टनल में भी सीजन का पहला हिमपात है। इसके कारण सोलंगनाला से आगे दो पहिया वाहनों की आवाजाही पर पुलिस ने रोक लगा दी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पर्यटक मढ़ी तक जा रहे हैं।

मनाली के मुख्य पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रा में भी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। रोहतांग दर्रा बर्फबारी के कारण फिलहाल पर्यटकों के लिए बंद कर दिया है। वहीं, शिमला जिले के नारकंडा में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई है।

हालांकि, नारकंडा के पास हाटू पीक में रविवार को सीजन का पहला हिमपात हुआ था। सोमवार को नारकंडा में हाईवे तक बर्फबारी हुई है। चंबा जिले में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डलहौजी के लक्कड़ मंडी में ताजा बर्फबारी हुई है। जलोड़ी दर्रा में दो इंच से अधिक बर्फबारी दर्ज की गई है। कड़ाके की ठंड ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने के लिए मजबूर कर दिया है।