सुरक्षित खनन का संकल्प, संगड़ाह की तीन चूना पत्थर खदानों के कामगारों ने ली सुरक्षा की शपथ
वालिया माइन परिसर में आयोजित हुआ 35वां खान सुरक्षा सप्ताह, डीजीएमएस की टीम ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | संगड़ाह
चूना पत्थर खदानों में कामगारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और खनन के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से गुरुवार को संगड़ाह में 35वें खान सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया। उपमंडल मुख्यालय के समीप सुप्रियांक वालिया की चूना पत्थर खदान के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में तीन खदानों के कामगारों ने हिस्सा लिया।
खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) गाजियाबाद एवं श्रीनगर द्वारा गठित टीम के संयोजक राजेंद्र पाठक तथा सदस्य रवि भूषण सिंह और डीके सिन्हा ने कामगारों को खान सुरक्षा की शपथ दिलाई।
इस दौरान सुरक्षित खनन के लिए निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन करने का आह्वान किया गया।टीम के सदस्यों ने खदानों में कार्यरत मजदूरों एवं अन्य कर्मचारियों को खनन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। कामगारों से सेफ्टी बूट, सुरक्षा बेल्ट, मास्क और सुरक्षा चश्मे सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का नियमित इस्तेमाल करने का आग्रह किया गया।
खान सुरक्षा सप्ताह के तहत टीम ने चूना पत्थर खदानों में बैंचिंग यानी सीढ़ीनुमा खनन व्यवस्था सहित अन्य सुरक्षा उपायों का भी निरीक्षण किया।गौरतलब है कि उपमंडल संगड़ाह में करीब 800 बीघा भूमि पर पांच चूना पत्थर खदानें संचालित हो रही हैं।
गुरुवार को तीन खदानों के कामगारों के लिए सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि शेष दो खदानों में शुक्रवार को इसका आयोजन किया जाएगा।खान सुरक्षा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य कामगारों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ खनन गतिविधियों के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करना है।
