Loading...

अदरक एमएसपी पर खरीद के लिए मंडियों में जगह देगी समिति, फलों-सब्जियों पर ₹1 फीस भी लागू : सीताराम शर्मा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 24 Mar 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / सिरमौर

सरकार के फैसलों से किसानों को बड़ी राहत, 25-30 लाख अतिरिक्त आय से बढ़ेंगी सुविधाएं

नाहन

हिमाचल प्रदेश सरकार के बजट 2026 में घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के बाद जिला सिरमौर में कृषि उपज मंडी समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समिति के अध्यक्ष सीताराम शर्मा ने बताया कि अदरक और हल्दी की एमएसपी पर खरीद के लिए मंडियों में आढ़तियों को स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि पहली बार अदरक को एमएसपी में शामिल करते हुए 30 रुपये प्रति किलो मूल्य तय किया गया है, जो जिले के किसानों के लिए ऐतिहासिक निर्णय है। इसके अलावा हल्दी का एमएसपी 90 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति किलो किया गया है। गेहूं का समर्थन मूल्य 60 से बढ़ाकर 80 रुपये और मक्का का 40 से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलो किया गया है।

सीताराम शर्मा ने कहा कि इन फैसलों से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और उनकी आय में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि मंडी समिति द्वारा पांवटा साहिब, नाहन और ददाहू मंडियों में खरीद व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए आढ़तियों से बातचीत शुरू कर दी गई है और उन्हें आवश्यक स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि इस वर्ष से फलों और सब्जियों पर 1 रुपये मार्केट कमेटी फीस भी लागू की गई है। इससे मंडी समिति को 25 से 30 लाख रुपये की अतिरिक्त आय होने का अनुमान है।

सीताराम शर्मा ने कहा कि इस अतिरिक्त आय का उपयोग किसानों के हित में सुविधाएं विकसित करने, मंडियों के सुदृढ़ीकरण और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में किया जाएगा।उन्होंने कहा कि सरकार और मंडी समिति के समन्वय से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और जिले की कृषि अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।