Loading...

HRTC / ऊना जिला में पूर्ण रूप से इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के निर्देश, नालागढ़ RM कार्यालय भी होगा ई-बस आधारित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 58 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश में इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन के विस्तार के बीच ऊना जिले में पूर्ण रूप से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ नालागढ़ स्थित एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय को भी पूरी तरह इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से संचालित करने को कहा गया है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से एचआरटीसी को प्रति किलोमीटर 18.19 रुपये की बचत होने की जानकारी भी समीक्षा बैठक में दी गई।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

ऊना में इलेक्ट्रिक बसों पर शिफ्ट होगा संचालन

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने एचआरटीसी की समीक्षा के दौरान ऊना जिले को पूरी तरह इलेक्ट्रिक बसों से संचालित करने के निर्देश दिए। नालागढ़ स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के तहत बस संचालन को भी पूर्ण रूप से इलेक्ट्रिक करने को कहा गया है। इसके जरिए चयनित क्षेत्रों में ई-मोबिलिटी को व्यापक स्तर पर लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा।

चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के काम में आएगी तेजी

ई-बसों की संख्या बढ़ने के साथ प्रदेश में जरूरी चार्जिंग नेटवर्क तैयार करने पर भी जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रदेशभर में ई-चार्जिंग अधोसंरचना के विकास में तेजी लाने के निर्देश दिए। एचआरटीसी अधिकारियों को 30 ई-वाहन उपलब्ध करवाने की भी योजना है।

350 किलोमीटर रेंज वाली 1500 ई-बसें होंगी शामिल

इलेक्ट्रिक परिवहन के विस्तार के तहत एचआरटीसी को 1500 नई ई-बसें उपलब्ध करवाई जाएंगी। इनकी न्यूनतम रेंज 350 किलोमीटर रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रदेश के पहाड़ी और कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में इनके संचालन को व्यावहारिक बनाया जा सके। एचआरटीसी के बेड़े में पहले ही 297 ई-बसें उपलब्ध करवाई जा चुकी हैं।

ई-बसों से एचआरटीसी को हो रही आर्थिक बचत

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अनुसार ई-बसों के संचालन से एचआरटीसी को प्रति किलोमीटर 18.19 रुपये की बचत हो रही है। सरकार इलेक्ट्रिक बसों के साथ 100 ग्रीन हाइड्रोजन बसें खरीदने पर भी विचार कर रही है, जबकि 100 सुपर डीलक्स बसों की खरीद भी प्रस्तावित है।

Related Topics: • •