Loading...

अध्यापकों की कमी के कारण अधर में लटका तलमेहडा विद्यालय के 250 से अधिक छात्रों का भविष्य

PARUL 6 Oct 2023 Edited 6 Oct 1 min read

HNN/ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप तहसील जोल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खरयालता के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलमेहडा में छठी से 12वीं तक के 250 से अधिक विद्यार्थी चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र व कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग पंचायतों से शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। लेकिन इस विद्यालय में अध्यापकों सहित अन्य 14 पद रिक्त कई महीनों से चल रहे हैं। ऐसे में विद्यालय के छात्रों का भविष्य राम भरोसे ही चल रहा है।

कुछ अभिभावकों ने तो स्कूल में कर्मचारी की कमी के चलते अपने बच्चों को या तो निजी स्कूलों में या कहीं दूसरे सरकारी स्कूलों में पढ़ाना शुरू कर दिया है। स्कूल में वर्तमान में प्रवक्ता बायोलॉजी, केमिस्ट्री, संस्कृत और हिंदी के पदों सहित ड्राइंग अध्यापक, पीटीई, क्लर्क अधीक्षक, दो चपरासी सहित 14 पद रिक्त चल रहे हैं। तो वहीं दूसरी ओर राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला तलमेहडा में भी कई महीनों से जेबीटी अध्यापकों के पद भी रिक्त पड़े हुए हैं। लेकिन आज दिन तक इन रिक्त पड़े पदों को भरा नहीं गया है।

अभिभावकों में विजय रायजादा, मंगल सिंह, पवन शर्मा, विनोद, सुखदेव शर्मा, राकेश कुमार, चरंजी लाल, राजेश कुमार, सोमनाथ सोनी, रंजीत सिंह, अंजली देवी, बीना देवी, हरदीप सिंह, नीरज शर्मा, सोमनाथ, रज्जू शर्मा, नानक चंद, जोगिंदर सिंह सहित अन्य अभिभावकों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू से बच्चों को भविष्य का ध्यान रखते हुए तलमेहडा स्कूल में स्टाफ उपलब्ध करवाने की मांग की है।

इस विषय पर स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान विनोद शर्मा का कहना है कि स्कूल में खाली चल रहे पदों को भरने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय विस क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू को अवगत करवा दिया गया है। स्कूल में स्टाफ की कमी की वजह से बच्चों के अभिभावक भी दूसरे स्कूलों का रुख करने पर मजबूर हो गए हैं।

क्या कहते हैं शिक्षा विभाग के उपनिदेशक देवेंद्र चंदेल
शिक्षा विभाग ऊना के उपनिदेशक देवेंद्र चंदेल का कहना है कि यह मामला उनके ध्यानार्थ है। तलमेहडा स्कूल में चल रहे खाली पदों की रिपोर्टर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। जैसे ही आदेश आएंगे तलमेहडा स्कूल में रिक्त चल रहे पदों को जल्द भर दिया जाएगा।