अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बाइक, एक की मौत, दूसरा घायल
HNN/मंडी
जिला मंडी में मंडी-पठानकोट हाईवे पर रड़ा भंखेड़ के पास एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हुआ है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय नरेंद्र सिंह पुत्र सुभाष चंद निवासी गांव टटैहल, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। घायल की पहचान साहिल पुत्र सतीश कुमार गांव एवं डाकघर बल्हा, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर पालमपुर से बरोट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह रड़ा भंखेड़ के पास पहुंचे तो अचानक ही बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में नरेंद्र सिंह की मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को नागरिक अस्पताल बैजनाथ में पहुंचाया।
जहां पर चिकित्सकों ने नरेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।