अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई कार, एक युवती की मौत, दो जख्मी
HNN/ ऊना
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। मामला जिला ऊना के सदर थाना के तहत पनोह का है, यहां एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक युवती की जान चली गई है। इसके अलावा 2 जख्मी हुए है। हादसे में सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान एक की मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायलों का उपचार जारी है।
मृतक युवती की पहचान सोनिका पुत्री राकेश चंद निवासी रक्कड़, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। इसके अलावा सोनिका की बहन मोनिका व मोहाली निवासी सुमित जख्मी हुए है। पुलिस ने शव का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवा लिया है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों कार में सवार होकर चंडीगढ़ से कांगड़ा जा रहे थे। इस दौरान पनोह में कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। कार दुर्घटनाग्रस्त होने से एक युवती की मौत व दो घायल हुए है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने मामले की पुष्टि की है।