अनियंत्रित होकर सफेदे के पेड़ से टकराया ट्रक, बाल-बाल बचा चालक
HNN/ ऊना
जिला ऊना के उपमंडल अंब में रविवार को एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया। इस दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सफेदे के पेड़ से टकरा गया। हालांकि गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। जानकारी के अनुसार रविवार को हैप्पी निवासी नादौन ट्रक लेकर हरियाणा से वापिस लौट रहा था जिसमें चीनी की 400 बोरियां लोड की हुई थी।
इस दौरान जैसे ही ट्रक कुठियाड़ी के पास पहुंचा तो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक सड़क किनारे सफेदे के पेड़ से टकरा गया। दुर्घटना में ट्रक की बॉडी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई जबकि चालक को हल्की चोटें लगी है। हालांकि अभी तक दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खबर की पुष्टि एसएसओ अंब आशीष पठानिया ने की है।