Accident / ओवरटेक के बाद दो बाइकों में टक्कर, बच्चे और महिला समेत चार घायल
Accident / पांवटा साहिब क्षेत्र के ज्वालापुर में बायोडीजल कंपनी के पास दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक बच्चे और महिला समेत चार लोग घायल हो गए। शिकायत के अनुसार, एक मोटरसाइकिल ओवरटेक करने के बाद गलत दिशा में चली गई और सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। पुलिस थाना पुरुवाला में एक मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
पांवटा साहिब
पुलिस को दी शिकायत में कांशीपुर निवासी अविनाश ने बताया कि वह अपनी गाड़ी से पांवटा साहिब से घर जा रहा था। ज्वालापुर में बायोडीजल कंपनी के पास पहुंचने पर यूपी नंबर की मोटरसाइकिल ने उसकी गाड़ी को तेज रफ्तार में पीछे से ओवरटेक किया। आरोप है कि इसके बाद मोटरसाइकिल चालक गलत दिशा में चला गया और सतौन की ओर से अपनी दिशा में आ रही दूसरी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिर गए।
ओवरटेक करने वाली मोटरसाइकिल का नंबर UP11CM-5919 बताया गया है। इसके चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के धम खेड़ी निवासी मनीष के रूप में हुई है। दूसरी मोटरसाइकिल HP17D-0838 को रवि कुमार चला रहा था, जिस पर बच्चा तनवीर कुमार और एक महिला भी सवार थे। हादसे में दोनों मोटरसाइकिल चालकों के साथ बच्चे और महिला को चोटें आई हैं। रवि कुमार, तनवीर कुमार और महिला टोकियों सैनवाला, माजरा के निवासी बताए गए हैं।
एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस थाना पुरुवाला में आरोपी मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। मामले में आगामी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।