अनियंत्रित होकर स्किड हुई बाइक, 29 वर्षीय सेना के जवान की मौत
HNN/हमीरपुर
जिला हमीरपुर के एनआईटी मार्ग पर एक सड़क हादसा पेश आया है। जहां एक बाइक के स्किड होने से 29 वर्षीय सेना के जवान की मौत हो गई है। सेना के जवान की पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। मृतक जवान की पहचान 29 वर्षीय अखिल राणा निवासी गांव पनयाला डाकघर ख्याह जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अखिल राणा यूनिट 4 जैक राइफल 28 आरआर श्रीनगर कुपवाड़ा सेक्टर में तैनात था और छुट्टी पर घर आया था। इस दौरान अखिल राणा अपनी बहन को छोड़कर घर लौट रहा था कि एनआईटी हमीरपुर के पास पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित होकर स्किड हो गई और वह सड़क पर गिर गया। हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद उसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज हमीरपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि जवान अपने पीछे पत्नी और बेटी सहित माता-पिता को छोड़ गया है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। एसपी हमीरपुर डाॅ. आकृति शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में आगामी कार्यवाही की जा रही है।