Accident / पांवटा साहिब के वाई-पॉइंट पर साइकिल सवार महिला को कार ने मारी टक्कर, देहरादून रेफर
Accident / पांवटा साहिब शहर के वाई-पॉइंट पर एक कार ने साइकिल सवार 50 वर्षीय महिला को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला को स्थानीय लोगों की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए देहरादून रेफर कर दिया।
पांवटा साहिब
घायल महिला की पहचान 50 वर्षीय राधा कुमारी पुत्री हरदयाल चौधरी निवासी हिरपुर, पांवटा साहिब के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एचपी 17 डी 0240 नंबर की कार ने साइकिल पर जा रही महिला को टक्कर मारी। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार सड़क किनारे स्थित एक दुकान के शटर से दो बार टकरा गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की सहायता से घायल राधा कुमारी को पहले सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया था। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने कार की टक्कर से महिला के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस अब हादसे से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है।