अनुबंध आधार पर भर्ती किए कर्मचारी के साथ सौतेला व्यवहार कर रही प्रदेश सरकार- प्रताप सिंह रावत
HNN/ नाहन
नाहन सिरमौर भाजपा के जिला सह मीडिया प्रभारी प्रताप सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान करते हुए बताया कि प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार अनुबंध के आधार पर नियुक्त किए गए सभी कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने अनुबंध के आधार पर नियुक्त किए गए सभी कर्मचारियों को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे।
उन्होंने अपने वायदे में कहा था कि हम अनुबंध के आधार पर नियुक्त किए गए सभी कर्मचारियों को वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति भी देंगे और साथ में सभी प्रकार के वित्तीय लाभ भी देंगे लेकिन अभी तक इन कर्मचारियों को सरकार ने कोई भी लाभ नहीं दिए हैं जिससे यह कर्मचारी अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
रावत ने बताया कि कांग्रेस पार्टी की सरकार झूठ का पुलिंदा है क्योंकि इन्होंने विधानसभा चुनाव से पूर्व प्रदेश की जनता के साथ जितने भी लोक लुभावने वायदे किए थे वह सभी वायदे झूठे साबित हुए हैं। इसका खामियाजा कांग्रेस पार्टी के नेताओं को अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा क्योंकि प्रदेश की जनता का कांग्रेस पार्टी सरकार से मोह भंग हो चुका है झूठ सिर्फ एक बार ही बिकता है बार-बार नहीं।