Loading...

अब खुद घर बैठे कर सकेंगे रोजगार कार्यालय में पंजीकरण, नहीं काटने पड़ेंगे कार्यालय के चक्कर

By Ankita Published: 20 Jun 2023, 3:26 PM | Updated: 20 Jun 2023, 3:33 PM 1 min read

HNN/ शिमला

प्रदेश में नौकरी की चाह रखने वाले युवाओं के लिए एक बड़ी खबर है।अब उन्हें रोजगार कार्यालय में पंजीकरण करवाने के लिए कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अब वे घर बैठे ही मोबाइल या लैपटॉप की मदद से खुद अपना पंजीकरण कर सकेंगे। इसके साथ ही लोकमित्र केन्द्रों में भी यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए श्रम और रोजगार विभाग ने ई-एमआईएस (रोजगार विनिमय प्रबंधन सूचना प्रणाली) के नाम से एक सॉफ्टवेयर विकसित किया है।

बता दें कि युवाओं को रोजगार कार्यालयों में पंजीकरण करवाने के लिए कार्यालयों में जाना पड़ता है जिसकी वजह से दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं पर यात्रा खर्च एवं अन्य अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ता है।परन्तु अब इस सब से राहत दिलवाते हुए प्रदेश सरकार की ओर से एक अधिक सुविधाजनक ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली स्थापित की जा रही है।

इस सॉफ्टवेयर में सभी आवश्यक दस्तावेजों को ऑनलाइन ही रजिस्टर व अपलोड किया जा सकेगा और साथ ही पंजीकरण प्रमाण को भी ऑनलाइन ही डाउनलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसका मुख्य लक्ष्य पंजीकरण में व्यय होने वाले समय व राशि की बचत करने के साथ-साथ दूरस्थ क्षेत्रों में रह रहे युवाओं को भी सुविधा प्रदान करना है।

Tags: