Loading...

अब जांची जाएगी सब्जियों व फलों में कीटनाशक व रसायन की मात्रा, लिए जाएंगे सैंपल

WebDesk(H) • 7 Jul 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

प्रदेश में अब पहली बार सब्जियों और फलों के सैंपल भरे जाएंगे व इनमें कीटनाशक व रसायन की मात्रा को जांचा जाएगा। कई बार आड़ू, पलम, सेब, खुमानी आदि फलों को आकर्षक बनाने के लिए उन पर भारी मात्रा में रसायनों का छिड़काव किया जाता है जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होते हैं।

इसी के चलते इस तरह के सैंपल लेने की कवायद अब शुरू की गई है। पूर्व में केले के सैंपल भरकर इन्हें जांचने का प्रयास मंडी जिले से किया गया था पर लैब में पहुंचने से पहले ही केले सड़ गए थे। इस समस्या से निजात पाने के लिए अब विभाग के पास कोल्ड चेन की पूरी व्यवस्था है। सैंपल लेने, भेजने व अपने पास सुरक्षित रखने का प्रावधान भी है।

बता दें कि पूर्व में सैंपल भेजे जाने के 40 दिन बाद ही रिपोर्ट आती थी परंतु अब यह रिपोर्ट सैंपल भेजने के 14 दिन के भीतर ही आ जाती है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी खेतों से लेकर मंडी की तरफ रवाना होंगे और बाजार में बिकने के लिए पहुंचने पर फल और सब्जियों के सैंपल भरेंगे। जांच के लिए इन सैंपलों को मुंबई भेजा जाएगा।