Loading...

अब ज्वालामुखी में कांग्रेसियों ने ईवीएम स्ट्रांग रूम के बाहर लगाया तंबू

SAPNA THAKUR • 23 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN/ काँगड़ा

कांगडा जिला के ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेसियों ने स्ट्रांग रूम के बाहर पहरा देना शुरू कर दिया है। कांग्रेसियों ने स्ट्रांग रूम के बाहर तंबू लगाया है जहां पर कार्यकर्ता दिन-रात पहरेदारी में जुटे हुए हैं। हालाँकि, हिमाचल विधानसभा चुनाव मतदान के बाद ईवीएम मशीनें थ्री लेयर सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखी गई हैं।

इतना ही नहीं इन स्ट्रांग रूम के बाहर जवानों का भी कड़ा पहरा है और सीसीटीवी कैमरे से भी हर गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। बावजूद इसके कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ईवीएम मशीनों से छेड़छाड़ का अंदेशा बना हुआ है। कांग्रेस ने अपने स्तर पर ईवीएम की सुरक्षा करनी शुरू कर दी है।

इसके लिए कांग्रेस ने ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र में स्ट्रांग रूम के बाहर कैंटीन के साथ तंबू लगाया है। मतगणना तक कांग्रेस कार्यकर्ता यहां बारी-बारी पहरा देकर स्ट्रांग रूम पर नजर रखेंगे। ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम मशीनों को ज्वालाजी डिग्री कॉलेज के भवन में बनाए गए स्ट्रांग रूम में रखा गया है।

यहां से कांग्रेस के प्रत्याशी संजय रत्न हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता सादिक मोहमद ने कहा कि मतगणना की तारीख बड़ी दूर है। इसलिए प्रशासन के सहयोग के लिए यहां दिन रात पहरा करना शुरू किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल का कहना है कि ईवीएम को स्ट्रांग रूम में सील किया गया है जहां पर सुरक्षा का कड़ा पहरा है।