अब लोगों को आभा कार्ड बनाने के लिए लोकमित्र केंद्र जाने की नहीं जरूरत, इस पोर्टल पर…..
HNN/बिलासपुर
आभा कार्ड (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) बनाने के लिए अब लोगों को लोकमित्र केंद्र जाने की भी जरूरत नहीं है। हिमाचल में आभा कार्ड बनाने का काम वैसे तो आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से किया जा रहा हैं, लेकिन आप खुद भी आभा कार्ड बना सकते हैं। इसके लिए आपका भारत सरकार के आयुषमान भारत हैल्थ अकाउंट यानि आभा पोर्टल पर जाना होगा।
इस पोर्टल पर आप आभा कार्ड स्वयं बना सकते हैं, इसके लिए मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक होना अनिवार्य है। ऐसे में जरूरी है कि कार्ड बनाने से पहले आप अपना मोबाइल नंबर आधार कार्ड से लिंक करवाएं।
यह हैं आभा कार्ड के लाभ
आभा कार्ड बनने से मरीज को इलाज के लिए हर जगह रिपोर्ट या पर्ची लेकर जाने की जरूरत नहीं होगी। स्वास्थ्य संबंधी सभी जानकारी इस कार्ड में उपलब्ध होगी। यह कार्ड बीमा कंपनियों से भी जुड़ा है जिससे बीमा का भी फायदा मिलेगा। ऑनलाइन इलाज, टेलीमेडिसिन, निजी डॉक्टर, ई फार्मेसी और पर्सनल हेल्थ रिकॉर्ड जैसी सुविधाएं मिल सकेगी।
कैसे बनेगा कार्ड
आयुष्मान डिजिटल हेल्थ मिशन की वेबसाइट खोलें। अब होम पेज पर क्रिएट योर आभा नंबर के विकल्प को क्लिक करें। इस पर आभा नंबर जनरेट करने के लिए दो अलग-अलग तरह के ऑप्शन दिखाई देंगे, जो आपको आसान लगे उसे चुनें। आधार नंबर ऑप्शन पर क्लिक करें और अगले पेज पर उसका नंबर डालकर सबमिट कर दें। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आपको एक ओटीपी दिखाई देगा।
इसे डालकर आप आभा कार्ड का एप्लिकेशन भर दें। एप्लिकेशन में पूछी गई जानकारी देने के बाद उसे सबमिट करें। इसके बाद अपनी फोटो अपलोड कर दें। इसके लिए माई अकाउंट पर क्लिक करना होगा। फिर दिए गए ऑप्शन में से एडिट प्रोफाइल पर क्लिक कर अपना फोटो अपलोड करें। यह प्रक्रिया पूरी होने पर सबमिट बटन पर क्लिक कर दें। आभा कार्ड बन जाएगा। कार्ड बनने के बाद इसे डाउनलोड करें और प्रिंट ले लें।