Accident / मंडी-पठानकोट हाईवे पर रोड रोलर से टकराई कार, तीन बच्चों समेत छह गंभीर घायल
Accident / मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भटेहड़-कुन्नू के पास वीरवार सुबह एक ऑल्टो कार सड़क किनारे खड़े रोड रोलर से टकरा गई। इस सड़क हादसे में कार सवार तीन बच्चों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और निर्माण कंपनी के सुरक्षा कर्मियों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पधर पहुंचाया गया।
मंडी/पधर
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑल्टो कार मंडी से पधर की ओर जा रही थी। सुबह करीब पौने सात बजे भटेहड़ गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य चल रहा था और निर्माण कंपनी का रोड रोलर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आने के बाद तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और रोड रोलर के पिछले हिस्से से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार की दिशा बदल गई और वह घूमकर मंडी की ओर मुड़ गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग और निर्माण कंपनी के सुरक्षा कर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे तथा कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नागरिक अस्पताल पधर ले जाया गया।