अम्ब में नशीली दवाइयों की तस्करी का खुलासा, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव गिरफ्तार

हिमाचल न्यूज़ | लेटेस्ट हिमाचल न्यूज़

अम्ब क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की तस्करी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूछताछ के दौरान सप्लाई चेन से जुड़े एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की गिरफ्तारी से मामले की परतें खुली हैं।

ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल

पूछताछ में सामने आई सप्लाई चेन की अहम कड़ी
अम्ब में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाइयों की तस्करी के मामले में पुलिस रिमांड पर चल रहे मुख्य आरोपी से गहन पूछताछ के दौरान एक नई कड़ी सामने आई। आरोपी ने खुलासा किया कि वह प्रतिबंधित नशीली दवाइयां एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव से प्राप्त करता था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लिया।

पालकवाह निवासी मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव गिरफ्तार
पुलिस ने खुलासे के आधार पर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव जितेंद्र कुमार (28), निवासी पालकवाह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार यह गिरफ्तारी अवैध दवा तस्करी नेटवर्क की जांच में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

छापेमारी में ट्रामाडोल और नकदी बरामद
गौरतलब है कि पूर्व में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने अम्ब स्थित एक मेडिकल स्टोर और उसके पीछे बने रिहायशी मकान पर छापेमारी की थी। मकान की तलाशी के दौरान ट्रामाडोल 100 एमजी की 2330 गोलियां (233 ग्राम) और लगभग 24.35 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे।

वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क की जांच जारी
ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा बरामद दवाइयों को प्रतिबंधित नशीली दवाइयां घोषित किया गया है। एएसपी ऊना सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में अवैध कारोबार से जुड़े वित्तीय लेन-देन, सप्लाई चेन और अन्य संदिग्धों की गहन जांच की जा रही है।