अलकनंदा नदी में गिरा टेंपो ट्रैवलर, नौ लोगों की मौत, कई गंभीर घायल
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में दर्दनाक हादसा पेश आया है, जहां एक टेंपो ट्रैवलर अलकनंदा नदी में जा गिरा। हादसे में नौ लोगों की जान चली गई है। कई लोग गंभीर घायल हुए है। इसके अलावा 12 लोगों को रेस्क्यू किया गया। घायलों को नज़दीकी चिकित्सा केंद्र पर उपचार के लिए भेज दिया गया है।
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे है। बता दें रुद्रप्रयाग शहर से पांच किलोमीटर आगे बदरीनाथ हाईवे पर रैतोली के पास वाहन सीधे गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में जाकर समा गया। वाहन जैसे ही नीचे गिरा तो यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों की नजर पड़ी तो तुरंत मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी।
घटना के बारे में जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू कराया। बताया जा रहा है कि दिल्ली नोएडा से निकले टेंपो ट्रैवलर में 26 यात्री सवार थे। पुलिस प्रशासन जिला आपदा प्रबंधन, डीडीआरएफ समेत अन्य टीम मौके पर रेस्क्यू कार्य कर रही है।