अस्पताल के भवन की नींव खोदते समय मलबे में दबा मजदूर, टांडा रैफर

HNN / धर्मशाला

जिला के सिविल अस्पताल डाडासीबा के नए भवन का कार्य इन दिनों बड़ी जोरों शोरों से चला हुआ है। मजदूर दिन-रात कड़ी मेहनत कर अस्पताल के नए भवन को तैयार करने में जुटे हुए हैं। लेकिन शनिवार को यहां एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया।

यहां नींव खोदते समय अचानक एक मजदूर मलबे के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर की पहचान 34 वर्षीय जसील अहमद ग्राम तिलमानी बरेली यूपी के रूप में हुई है। वही साथ काम कर रहे अन्य मजदूर भी बाल-बाल बच गए। दरअसल, काफी दिनों से 50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल डाडासीबा के नए भवन का निर्माण चला हुआ है।

शनिवार शाम को नींव खोदते समय ऊपर से मलबा अचानक नीचे गिर गया। उस समय मजदूर जसील नीचे गड्ढे में काम कार रहा था और वह उसमे दब गया। इसके बाद वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों ने उसे मलबे से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल ले आये। इसके बाद मजदूर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज टांडा रैफर कर दिया।

उधर, कार्यवाहक बीएमओ डॉक्टर पंकज कौडल ने बताया कि मरीज को प्राथमिक उपचार के बाद रैफर कर दिया गया है। डाडासीबा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।