Loading...

अहमदाबाद में एयर इंडिया का विमान क्रैश: लंदन जा रहे विमान में 133 यात्री, रिहायशी इलाके में तबाही

Shailesh Saini • 12 Jun 2025 • 1 Min Read

टेकऑफ के तुरंत बाद हादसा, मेघानी नगर में मकान क्षतिग्रस्त; बचाव कार्य जारी, हताहतों की संख्या पर सस्पेंस

हिमाचल नाऊ न्यूज़ अहमदाबाद:

गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार दोपहर एक भयावह विमान हादसा हो गया। अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए उड़ान भर रहा एयर इंडिया का एक यात्री विमान टेकऑफ के तुरंत बाद मेघानी नगर के घनी आबादी वाले इलाके में क्रैश हो गया। इस दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विमान में 133 यात्री सवार थे, हालांकि कुछ अपुष्ट रिपोर्टों में यह संख्या 242 तक बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

अभी तक इस दुर्घटना में हताहतों की संख्या की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मेघानी नगर में कई मकानों के क्षतिग्रस्त होने की खबर है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान ने जैसे ही उड़ान भरी, वह संतुलन खो बैठा और जोरदार धमाके के साथ जमीन पर आ गिरा। यह दुखद घटना अहमदाबाद एयरपोर्ट से कुछ ही किलोमीटर दूर मेघानी नगर में हुई।

क्रैश के बाद मौके पर मलबे और धुएं का अंबार लगा हुआ है, जिससे बचाव कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस और प्रशासन के उच्चाधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति पर नज़र रख रहे हैं।

हादसे के मद्देनजर अहमदाबाद एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है और सभी उड़ानों को रद्द या डायवर्ट कर दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। यह हादसा अहमदाबाद और पूरे देश के लिए एक बड़ा सदमा है।