कांग्रेस सरकार ने नाहन की जनता को गड्ढों और बदहाल सड़कों के हवाले किया: बिंदल
बिंदल बोले- हमने बनाए थे 60 पुल, कांग्रेस ने एक भी बनाया हो तो हमें न सही पर, जनता को तो बताए
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं नाहन के पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने नाहन की जनता को गड्ढों और बदहाल सड़कों के हवाले कर दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में नाहन विधानसभा क्षेत्र में 60 पुलों का निर्माण करवाया गया था, लेकिन पिछले चार वर्षों में कांग्रेस सरकार एक भी पुल बनवा पाई हो तो जनता को बताए।
सोमवार को नाहन में आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. बिंदल ने कहा कि पिछले चार वर्षों में क्षेत्र की जनता की जो दुर्गति हुई है, वह चिंता का विषय है। प्रदेशभर में सड़कों की बदहाली को लेकर भाजपा लगातार धरना-प्रदर्शन कर रही है।
प्रदेश स्तर से लेकर जिला और नाहन तक आवाज उठाई जा रही है, लेकिन कांग्रेस सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं।
डॉ. बिंदल ने त्रिलोकपुर स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर की सड़क की बदहाली पर सरकार को घेरते हुए कहा कि नवरात्र शुरू हो चुके हैं और लाखों श्रद्धालु शक्तिपीठ में शीश नवाने पहुंच रहे हैं, लेकिन सड़क की हालत ऐसी है कि गड्ढों में सड़क ढूंढनी पड़ रही है। भाजपा ने इस समस्या को लेकर त्रिलोकपुर में सांकेतिक प्रदर्शन भी किया था, इसके बावजूद सड़क की हालत में सुधार नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार को नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही की जानकारी है, तो सड़क को समय रहते ठीक क्यों नहीं करवाया गया।
धारटी क्षेत्र के दो मामलों का उल्लेख करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि एक बीमार मरीज को बांस पर टांगकर ले जाना पड़ा, जबकि एक मृत व्यक्ति के शव को चारपाई पर उठाकर ले जाने की नौबत आई। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की बदहाली और बुनियादी सुविधाओं की गंभीर स्थिति को उजागर करती हैं। जिन सड़कों पर आठ से दस वर्ष पहले तक बारहमासी आवाजाही होती थी, उनकी हालत सुधरने के बजाय और खराब हो गई है। उन्होंने कहा कि जहां सड़कों को आठ फुट से बढ़ाकर 15 फुट किया जाना चाहिए था, वहां लोग मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और शवों को ले जाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक जनता की जान जोखिम में डालने वाली परिस्थितियों की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में लोगों को इस तरह की परेशानी झेलनी पड़े, यह सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
कोला वाला भूंड क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले रुण नदी तीन तरफ से इस क्षेत्र को घेरती थी और बरसात के दौरान आवागमन बंद हो जाता था। भाजपा सरकार ने इस समस्या को दूर करने के लिए तीनों तरफ पुलों का निर्माण करवाया। इसके अलावा मझाड़ा, नीम वाला और अंधेरी में भी पुल बनवाकर लोगों को बारहमासी आवाजाही की सुविधा उपलब्ध करवाई गई।
उन्होंने कहा कि गुलरिया ढांग की बदहाली पिछले दो-तीन वर्षों से बनी हुई है। यहां सड़क बनाना मुश्किल हो गया है, लेकिन दो पुलों का निर्माण करवाकर समस्या का स्थायी समाधान किया जा सकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इन पुलों का निर्माण जल्द करवाया जाए। बिंदल ने चेतावनी दी कि निर्माण में देरी किसी आपात स्थिति में जानलेवा साबित हो सकती है।
डॉ. बिंदल ने नारायणगढ़ से सराहां के लिए बस सेवा बंद होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू करवाई गई यह बस सेवा अब बंद पड़ी है। इससे सैकड़ों विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है और क्षेत्र के अन्य लोगों को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि बस सेवा जल्द बहाल की जाए, ताकि विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक से सवाल किया कि यदि पिछले चार वर्षों में नाहन विधानसभा क्षेत्र में विकास हुआ है, तो उसका हिसाब जनता के सामने रखा जाए। उन्होंने कहा कि जनता को सड़कों, पुलों और परिवहन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जबकि सरकार विकास के दावे कर रही है। प्रेस वार्ता में प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष मनीष चौहान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर और जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।