आंखों में धूल झोंककर व्यक्ति से की मारपीट, मामला दर्ज
HNN/चंबा
जिला चंबा में खेतों में काम कर रहे व्यक्ति के साथ आंखों में धूल झोंककर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान गुलाम हुसैन और बीना बेगम के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजदीन निवासी मंजीर 17 नवंबर को अंद्रावल में अपनी जमीन पर काम कर रहा था।
इसी दौरान गुलाम हुसैन ने उसकी आंखों में धूल झोंक दी और डंडे से सिर पर हमला कर दिया। साथ ही उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। पीड़ित की फोन के कवर में 5000 रुपए और एटीएम कार्ड था। इतना ही नहीं आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ित के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। हमले में राजदीन घायल हो गया।
जिसे ग्रामीणों द्वारा उपचार के लिए सीएचसी सलूणी ले जाया गया। जहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद नेत्ररोग विशेषज्ञ और रेडियोलॉजिस्ट के पास मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया। जिसके बाद पीड़ित ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी चंबा अभिषेक यादव द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।