आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के पदों पर भर्ती: आवेदन 11 सितंबर तक
HNN/हमीरपुर
बाल विकास परियोजना भोरंज में 23 आंगनवाड़ी केंद्रों में खाली पदों को भरने के लिए पात्र महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पदों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 5 और सहायिका के 18 पद शामिल हैं। आवेदक महिला की आयु 18 से 35 वर्ष तक और शैक्षणिक योग्यता कम से कम बारहवीं पास होनी चाहिए।
इच्छुक उम्मीदवार सादे कागज पर अपना आवेदन 11 सितंबर को सायं 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय भोरंज में जमा करवा सकती हैं। साक्षात्कार 12 सितंबर को एसडीएम कार्यालय भोरंज में होगा। आवेदकों को साक्षात्कार के लिए अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। साक्षात्कार में स्नातक उम्मीदवार को 2 और स्नातकोत्तर या इससे अधिक योग्यता के लिए एक अतिरिक्त अंक मिलेगा। आंगनवाड़ी सहायिका, बाल सेविका, बालवाड़ी अध्यापिका, नर्सरी अध्यापिका, शिशु पालक या सिलाई अध्यापिका के रूप में कार्य कर चुकी महिला को भी अधिकतम 3 अंक मिल सकते हैं।
एससी, एसटी, केवल दो लड़कियों वाले परिवार, 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांग उम्मीदवार के लिए भी अधिकतम 2-2 अंक मिलेंगे। लेकिन, आवेदक के पास इनसे संबंधित आवश्यक दस्तावेज या प्रमाण पत्र होने चाहिए। साक्षात्कार के 3 अंक रखे गए हैं। नियुक्ति के संबंध में असहमति की स्थिति में अभ्यर्थी 45 दिन के भीतर उपायुक्त हमीरपुर के न्यायालय में अपील कर सकती हैं। उपायुक्त के निर्णय से असहमति की स्थिति में अभ्यर्थी महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक के समक्ष अपील कर सकती हैं।