आईजीएमसी में बढ़ रही बीमारियां, स्क्रब टायफस से 3 की मौत, पीलिया और आई-फ्लू के भी बढ़े मामले
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश में प्रतिदिन स्क्रब टायफस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। आईजीएमसी शिमला में अब तक 590 लोगों का स्क्रब टायफस टैस्ट किया जा चुका है जिनमें 130 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बता दें कि इस बीमारी से अब तक तीन लोगों ने अपनी जान खो दी है।
तो वहीं प्रदेश में स्क्रब टायफस के अलावा पीलिया और आई फ्लू के रोगियों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। पीलिया के 82 मामले सामने आ चुके हैं तो वहीं आई फ्लू के भी 10 से 15 मामले आईजीएमसी में रोज़ाना सामने आ रहे हैं। डॉ राहुल राव एमएस आईजीएमसी ने बताया कि बारिशों के समय में स्क्रब टायफस के अधिक मामले सामने आते है। उन्होंने बताया कि पिछले लगभग 10 सालों से स्क्रब टायफस नामक वायरस फैल रहा है। जिससे अब तक से सैंकड़ो लोगों की मौत हो चुकी है।
डॉक्टर ने बताया कि स्क्रब टायफस एक जीवाणु से संक्रमित पिस्सू के काटने से फैलता है। यह खेतों, झाडिय़ों व घर के आसपास घास में रहने वाले चूहों में पनपता है। यह जीवाणु चमड़ी के माध्यम से शरीर में फैलता है और स्क्रब टाइफस बुखार बन जाता है। इस बीमारी को लेकर लोगों को ऐहतियात बरतनी चाहिए और इसके लक्षण दिखने पर तुरन्त ही स्थानीय अस्पताल में इलाज करवाना चाहिए।