आग की भेंट चढ़ा किराना स्टोर, लाखों का सामान जलकर राख

By Ankita Published: 23 Jan 2023, 10:56 AM | Updated: 23 Jan 2023, 10:56 AM 1 min read

HNN/ चंबा

जिला चंबा शहर के साथ लगते सुल्तानपुर मोहल्ला में भीषण अग्निकांड की घटना पेश आई है। जिसमे एक किराना स्टोर जलकर राख हो गया। इस आगजनी की घटना में पीड़ित को तकरीबन पांच लाख का नुक्सान हुआ है। हालांकि आग किन कारणों से लगी है इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमित भारद्वाज पुत्र पवन भारद्वाज रोज की तरह अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। देर रात स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। अमित भारद्वाज को जब यह सूचना मिली तो उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और वह जल्द ही अपने घर से अपनी दुकान पर आ गए।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पीड़ित ने इसकी सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 3 घंटे बाद आग पर कड़ी मशक्कत कर काबू पाया। परन्तु तब तक दुकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो चूका था।

उधर, इनसेट उपमंडलाधिकारी अरुण शर्मा ने कहा कि आगजनी की इस घटना में पीड़ित को लाखों का नुक्सान हुआ है। उन्होंने बताया कि पीड़ित को प्रशासन की ओर से 10 हजार रुपए फौरी राहत प्रदान की जाएगी।