Loading...

आग की भेंट चढ़ा मकान, 50 हजार की नकदी सहित लाखों का सामान जलकर राख

Ankita • 4 Mar 2023 • 1 Min Read

HNN/ कांगड़ा

जिला कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र ज्वाली के अंतर्गत हरसर पंचायत में एक मकान आग की भेंट चढ़ गया। इस अग्निकांड में पीड़ित को लाखों का नुक्सान हुआ है। हालाँकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। जानकारी के मुताबिक, हरसर पंचायत के निवासी विचित्र सिंह के घर में अचानक ही चिंगारी सुलग गई।

जब परिजनों ने घर से आग की लपटे उठती देखी तो उन्होंने स्थानीय लोगों द्वारा आग पर काबू पाने की कोशिश की परंतु सफलता हाथ नहीं लगी। जिसके बाद उन्होंने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया। सुचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।

परंतु तब घर में रखा टीवी, फ्रिज, पंखा, वाशिंग मशीन, बेड, सोफे, कुर्सियां, कपड़े तथा 50 हजार रुपए नकदी जलकर राख चुकी थी। हालाँकि गनीमत यह रही इस अग्निकांड में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को फोरी राहत के तौर पर उचित राशि प्रदान करने की मांग की है।