आग की भेंट चढ़ा रिहायशी मकान, कड़कड़ाती ठंड के बीच बेघर हुआ परिवार

By SAPNA THAKUR Published: 14 Jan 2023, 3:42 PM | Updated: 14 Jan 2023, 3:45 PM 1 min read

HNN/ मंडी

हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के बावजूद आगजनी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन पेश आ रही इन आगजनी की घटनाओं में लाखों की संपत्ति जलकर राख हो रही है। प्रदेश में एक बार फिर भीषण अग्निकांड हुआ है जिसमें रिहायशी मकान जलकर राख हो गया है। घर में आग लगने से पीड़ित परिवार का सब कुछ जलकर राख हो गया है जिससे उन्हें लाखों का नुक्सान हुआ है।

मामला मंडी जिले के लड़भड़ोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत दलेड का है। यहाँ दुनी चंद पुत्र तुलसीराम निवासी दलेड के रिहायशी मकान में अचानक चिंगारी सुलग गई। घर में आग की लपटें उठती देख परिवार के सदस्य अपनी जान बचाकर बाहर निकल आये। जिसके बाद स्थानीय लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया।

सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक मकान के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। उधर, हल्का पटवारी नागेश्वर सिंह सहित कार्यालय कानूनगो बुधी सिंह, क्षेत्रीय कानूनगो अमरनाथ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है।

Tags: