आग की भेंट चढ़ी पशुशाला, जिंदा जली दो गाभिन गाय
HNN/मंडी
जिला मंडी के जोगिंद्रनगर में एक पशुशाला आग की भेंट चढ़ गई। आगजनी की इस घटना में दो गाभिन गउओं की जिंदा जलने से मौत हो गई है। इस घटना से पीड़िता पिंकी को काफी नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक, कुराटी ढगौण सड़क से सटे दंदेहड़ गांव में आंगनबाड़ी सहायक पिंकी की पशुशाला में अचानक ही चिंगारी सुलग गई।
देखते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और पशुशाला सहित दो गाभिन गउएं जिंदा जल गई। आंगनबाड़ी सहायिका पिंकी ने बताया कि वह कुठेहड़ा पंचायत में आंगनबाड़ी संबंधी कार्य के लिए पहुंच गई थी, तभी गोशाला में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची लेकिन तब तक पशुशाला में बंधी दो गाभिन गउओं की जिंदा जलने से मौत हो चुकी है।
पंचायत प्रधान रेखा देवी ने बताया कि उन्होंने स्थानीय प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग के साथ ही आग के कारणों की जांच की मांग भी पुलिस और प्रशासन से की है। वहीं राजस्व विभाग की फील्ड रिपोर्ट के बाद आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।