Loading...

आग की भेंट चढ़ी पशुशाला, जिंदा जली दुधारू गाय व बछड़ी

PARUL • 24 May 2024 • 1 Min Read

HNN/मंडी

जिला मंडी में उपमंडल करसोग की पंचायत थाच थर्मि में एक अग्निकांड पेश आया है। यहां जोंग गांव में एक पशुशाला आग की भेंट चढ़ गई। अग्निकांड में एक दुधारू गाय और एक बछड़ी की जिंदा जलने से मौत हो गई। इसके अलावा पालतू बिल्ली और उसके 6 बच्चे भी पशुशाला में अग्निकांड का शिकार हो गए।

आग का पता उस वक्त चला जब पशुशाला पूरी तरह जलकर राख हो गई थी। गोशाला हरदयाल पुत्र अभी राम की थी, जबकि नीमा देवी पत्नी लच्छी राम जोकि अपने मायके में रहती है, उसकी गाय थी और इसी से वह अपना गुजरा करती थी। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति पर पशुशाला को आग लगाने की आशंका जताई है।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम वहां पर पहुंची, लेकिन तब तक पशुशाला जलकर राख हो चुकी थी। तहसीलदार करसोग कैलाश कौंडल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को पूरा प्राकलन तैयार कर त्वरित राहत राशि प्रदान की जाएगी।