Accident / मोहटली में कुत्ते को बचाते समय अनियंत्रित हुई बाइक, 47 वर्षीय व्यक्ति की मौत
Accident / कांगड़ा के मोहटली में जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक के सामने अचानक कुत्ता आने से 47 वर्षीय राजिंद्र सिंह नियंत्रण खोकर सर्विस रोड पर गिर गए। गंभीर रूप से घायल राजिंद्र सिंह को सिविल अस्पताल इंदौरा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कांगड़ा/मोहटली
हादसा मंगलवार सुबह करीब 6:45 बजे मोहटली स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। पंजाब के होशियारपुर जिले के गांव पनवां निवासी राजिंद्र सिंह अपनी बुलेट बाइक पर जालंधर से पठानकोट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाइक के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और राजिंद्र सिंह सर्विस रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वह जम्मू में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल राजिंद्र सिंह को सिविल अस्पताल इंदौरा पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता निर्मल सिंह ने पुलिस को बताया कि राजिंद्र सिंह को पहले दिल का दौरा पड़ चुका था और वह नियमित रूप से दवाइयां लेते थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे में किसी अन्य वाहन की संलिप्तता सामने नहीं आई है।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर शुरू की जांच
एएसपी धर्म चंद वर्मा के अनुसार पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी पार्वती देवी के बयान भी दर्ज किए हैं। शव का नूरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
