हादसा / शॉर्ट सर्किट से मकान और पशुशाला जलकर राख, पांच लाख के नुकसान का अनुमान
हादसा / ऊना जिले के उपमंडल बंगाणा स्थित महाल टांडा अनोखा में मंगलवार दोपहर बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक मकान और उससे सटी पशुशाला में आग लग गई। आग से दोनों भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए और प्रभावित परिवार को करीब पांच लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने आग को आसपास के अन्य घरों तक फैलने से रोक लिया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जानकारी के अनुसार, महाल टांडा अनोखा निवासी मोहिंदर सिंह पुत्र नानक चंद के मकान में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और मकान के साथ बनी पशुशाला भी इसकी चपेट में आ गई। मकान और पशुशाला से लपटें उठती देखकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तथा अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग ऊना की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग तेजी से फैलने के कारण मकान और पशुशाला को नहीं बचाया जा सका। हालांकि, समय रहते किए गए प्रयासों से आग को आसपास स्थित दूसरे घरों तक पहुंचने से रोक लिया गया। इस घटना में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई।
अग्निकांड की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, खंड विकास अधिकारी केएल वर्मा, थाना प्रभारी रोहित कुमार और स्थानीय पटवारी सतपाल सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आग से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवार से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार अग्निकांड में परिवार को करीब पांच लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।

