Loading...

Accident / निजी वोल्वो से टक्कर बचाते नाली में उतरी HRTC बस, सभी 30 यात्री सुरक्षित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 25 Nov 2026 • 1 Min Read

Accident / हमीरपुर में सोमवार सुबह चंडीगढ़ जा रही ऊना डिपो की HRTC एसी बस निजी वोल्वो से संभावित टक्कर बचाने के प्रयास में सड़क से उतरकर नाली में जा धंसी। बस में करीब 30 यात्री सवार थे, लेकिन चालक की सूझबूझ से बस पलटने से बच गई और किसी यात्री को चोट नहीं आई। हादसे के बाद यात्रियों को दूसरी बस से चंडीगढ़ रवाना किया गया।

हमीरपुर

जानकारी के अनुसार ऊना डिपो की HRTC एसी बस सुबह 5:20 बजे हमीरपुर बस अड्डे से वाया ऊना चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 6:15 बजे सलोनी के समीप जोल नामक स्थान पर सामने से निजी वोल्वो बस आ गई। दोनों बसों के बीच संभावित टक्कर टालने के लिए HRTC चालक ने बस को सड़क के किनारे उतारा। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बनी नाली में धंस गई।

अचानक हुए हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक ने स्थिति संभालते हुए बस को पलटने से बचा लिया। हादसे में सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी को चोट नहीं आई, जबकि HRTC बस को नुकसान पहुंचा है। यात्रा रुकने के कारण ठंडे मौसम में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद हमीरपुर डिपो से दूसरी बस भेजकर सभी यात्रियों को चंडीगढ़ के लिए रवाना किया गया।

एक घंटे तक प्रभावित रहा यातायात

HRTC बस के नाली में फंसने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सुबह के समय यातायात प्रभावित होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भी परेशानी हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित करने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया, जिसके बाद सड़क पर यातायात दोबारा सुचारू हो सका।

Related Topics: •