आटा-दाल पर जीएसटी और महंगे सिलेंडर वाली मोदी सरकार अब बर्दाश्त नहीं- चंदेल
मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ गरजी महिलाएं, कांग्रेस सांसद के घर के बाहर हुआ प्रदर्शन
HNN/ नाहन
देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी आदि को लेकर आज रविवार को जिला सिरमौर महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जेनब चंदेल की अध्यक्षता में यशवंत विहार कॉलोनी स्थित सांसद सुरेश कश्यप के घर के बाहर रोष प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में जिला तथा नाहन महिला कांग्रेस की कई महिलाएं शामिल रही। जेनब चंदेल ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन केंद्र सरकार की विफलताओं तथा बढ़ती हुई महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ किया गया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश को बेचने की नीतियों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार एनफोर्समेंट एजेंसीयों का दुरुपयोग करते हुए इनका प्रयोग जनता की आवाज उठाने वालों के खिलाफ किया जा रहा है। यही नहीं मोदी सरकार देश की संपत्तियों को गिरवी रख बड़े-बड़े घोटालेबाजों को संरक्षण दे रही है। अंबानी अदानी जैसे उद्योगपतियों का ऋण माफ कर देश को कर्ज के बोझ में धकेल रही है।
उन्होंने कहा कि यदि इन सबके खिलाफ संसद में आवाज उठाई जाती है तो यह सरकार उनकी आवाज तक को डरा धमका कर दबा देती है। उन्होंने कहा कि यह वह सरकार है जिसने गरीबों के राशन जैसे आटा, दाल, ब्रेड, दही आदि पर भी जीएसटी लगाकर जनता की कमर तोड़ डाली है। वहीं जेनब चंदेल ने प्रदेश में रही जयराम सरकार के बारे में कहा कि पूर्व सरकार फर्जी डिग्री तथा पेपर लीक जैसे मामलों को लेकर हमेशा याद रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सांसद भी जनता की आवाज को संसद में उठा पाने में नाकाम रहे हैं।
इसलिए केंद्र सरकार की नाकामियों महंगाई व अन्य मुद्दों को लेकर सांसद के खिलाफ प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि तानाशाही को छोड़ते हुए जन भावनाओं को भी प्राथमिकता दें। उन्होंने यह भी मांग करी कि जो मोदी सरकार ने बड़े-बड़े वायदे किए थे उन वायदों को भी जल्द पूरा करें। उन्होंने कहा कि केंद्र में एक विफल सरकार काम कर रही है तो वहीं भारी भरकम कर्ज और प्रदेश का खजाना खाली कर विपक्ष में बैठी भाजपा की कारगुजारी यों के चलते सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार एक बेहतर व्यवस्था बनाने में लगी है।
जेनब चंदेल ने कहा कि एक तरफ तो केंद्र सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है तो वहीं इन्हीं की सरकार के सांसद व नेता महिला उत्पीड़न के मामलों में संलिप्त पाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज सांसद के घर के पास प्रदर्शन किए जाने का मुख्य उद्देश्य केंद्र की मोदी सरकार को जगाना और चेताना है।
इस दौरान जेनब चंदेल के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष कविता सिंह, प्रदेश सचिव काजल शर्मा, जिला सिरमौर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष उपमा धीमान, हरप्रीत शमशाद, सायरा बानो, ब्लॉक महिला कांग्रेस बलकीश आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।