आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में ऐतिहासिक बजट : अजय सोलंकी
किसानों, युवाओं और गरीबों के लिए बड़े फैसले, विपक्ष पर भी साधा निशाना
हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन:
नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने हिमाचल प्रदेश सरकार के बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भर हिमाचल की दिशा में ऐतिहासिक और जनहितैषी बजट बताया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन आर्थिक हालात के बावजूद सरकार ने जनकल्याण को प्राथमिकता दी है।अजय सोलंकी ने कहा कि यह बजट केवल घोषणाओं का पुलिंदा नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर बदलाव लाने वाला दस्तावेज है।
इसमें किसान, बागवान, युवा और गरीब वर्ग के लिए ठोस प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा अपने वेतन और भत्तों में कटौती को त्याग और जिम्मेदार नेतृत्व का उदाहरण बताया।उन्होंने कहा कि रेणुका जी बांध परियोजना के विस्थापितों के लिए की गई विशेष घोषणा लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों के लिए राहत लेकर आई है।
सोलंकी ने कहा कि किसानों के लिए अदरक का पहली बार न्यूनतम समर्थन मूल्य 30 रुपये प्रति किलो तय किया गया है, जबकि दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी कर गाय का दूध 61 रुपये और भैंस का दूध 71 रुपये प्रति लीटर किया गया है। गेहूं, मक्की, जौ, हल्दी और मछुआरों के लिए एमएसपी बढ़ाने जैसे फैसले ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखी परिवार योजना के तहत एक लाख गरीब परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सहायता और पक्का मकान देने की घोषणा ऐतिहासिक है।युवाओं के लिए ई-टैक्सी योजना में 50 प्रतिशत सब्सिडी और 10 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देने का निर्णय रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।
वहीं नशे के खिलाफ सख्ती के लिए 1000 पुलिस कांस्टेबल और 50 महिला उप निरीक्षकों की भर्ती से कानून व्यवस्था मजबूत होगी।
अजय सोलंकी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बजट को लेकर की जा रही आलोचना केवल राजनीतिक है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकास, विश्वास और जनसेवा का दस्तावेज है, जो हिमाचल को आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाएगा।