सराहां में पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, स्टील की डिब्बी में छिपा रखा था चिट्टा
1.20 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा आरोपी, कार से डिजिटल तराजू और 13,500 रुपये नकद बरामद; अधजला नकली नोट भी मिला
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | पच्छाद
जिला सिरमौर में नशे के कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर के बीच पच्छाद पुलिस ने देर रात एक युवक को चिट्टे के साथ दबोचने में सफलता हासिल की है। सराहां में पुलिस की नियमित गश्त के दौरान हुई इस कार्रवाई में आरोपी की कार से डिजिटल वजन करने वाली मशीन और 13,500 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। इतना ही नहीं, चिट्टे को छिपाकर रखने के लिए इस्तेमाल की जा रही स्टील की डिब्बी में एक अधजला 10 रुपये का नकली नोट भी मिला है। पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपी की संदिग्ध गतिविधियां मौके पर ही पकड़ में आ गईं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 नवंबर की रात करीब 10:20 बजे पुलिस थाना पच्छाद के सहायक उपनिरीक्षक हरीश कुमार पुलिस टीम के साथ सराहां की एसवीएन कॉलोनी के समीप गश्त और खनन वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान सड़क के बीच एक आई-20 कार (एचपी 18ए-9562) खड़ी दिखाई दी। पुलिस टीम ने चालक को गाड़ी हटाने का इशारा किया तो वह पुलिस को देखकर अचानक गाड़ी से उतरा और भागने लगा। इसी दौरान उसने अपनी पैंट की दाहिनी जेब से एक स्टील की डिब्बी निकालकर सड़क किनारे फेंक दी।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू किया और स्वतंत्र गवाहों विकास कुमार व आर्यन ठाकुर की मौजूदगी में फेंकी गई डिब्बी की तलाशी ली। डिब्बी के अंदर एक पारदर्शी प्लास्टिक पाउच में 1.20 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।
इसके साथ ही एक अधजला 10 रुपये का नकली नोट भी मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की कार की तलाशी ली तो उसमें से डिजिटल वजन मशीन और 13,500 रुपये नकद बरामद हुए।आरोपी की पहचान रोबिन शर्मा पुत्र गुरुदत्त शर्मा निवासी गांव धीरथ, तहसील नाहन, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और अन्य सामान को नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में प्राथमिकी संख्या 98/26 दिनांक 13 नवंबर 2026 को मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 और 25 के तहत मामला दर्ज किया है।

मामले की पुष्टि जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने की है। उन्होंने नशे के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस टीम की सतर्कता और मुस्तैदी की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला सिरमौर में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की कड़ी निगरानी जारी रहेगी और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि युवाओं के भविष्य को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सके।