Loading...

आपदा पीड़ितों के पुनर्वास को लेकर पूरी तत्परता से कार्य कर हिमाचल सरकार – उद्योग मंत्री

Ankita • 2 Sep 2023 • 1 Min Read

HNN/ मंडी

उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल सरकार आपदा पीड़ितों को राहत प्रदान करने और उनके पुनर्वास को लेकर पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। सरकार ने राहत व पुनर्वास कार्यो में तेजी लाने के लिए सभी उपायुक्तों को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई है।

उद्योग मंत्री जिला आपदा राहत समिति के अध्यक्ष के नाते मंडी जिले के दौरे पर थेे। इस दौरान उन्होंने सुंदरनगर और बल्ह उपमंडल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जाकर नुकसान का जायजा लिया तथा वहां पीड़ित लोगों से मिलकर उनका दुख दर्द बांटा तथा उन्हें सरकार की ओर से हर तरह से मदद का भरोसा दिया।

संकट के समय में सरकार साथ, सीएम खुद ले रहे जायजा

उद्योग मंत्री ने कहा कि संकट के इस समय में प्रदेश सरकार पूरी मजबूती से लोगों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर जाकर राहत व पुनर्वास कार्यों का जायजा ले रहे हैं। प्रभावितों के दुख-दर्द को सुन रहे हैं और उनकी सहायता के लिए तत्परता से प्राथमिकता पर कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने पीड़ितों की व्यापक मदद के लिए राहत मैनुअल में बढ़ोतरी की है। राज्य सरकार द्वारा प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए उठाए कदमों की विश्व बैंक तथा नीति आयोग के अध्यक्ष ने भी सराहना की है।

मंडी में 1500 करोड़ का नुकसान

इस दौरान पत्रकारों से हुई बातचीत में श्री चौहान ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में आपदा से करीब 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। अकेले मंडी जिले में ही इस मानसून सीजन के दौरान बारिश और बाढ़ के कारण लगभग 1500 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है, जिसमें सरकारी व निजी सम्पति सम्मिलित है।

वहीं जिले में बाढ़ और भूस्खलन के कारण अलग अलग हादसों में 23 लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। दो हजार से अधिक घर पूरी तरह या आंशिक क्ष्रूप् से क्षतिग्रस्त हुए हैं। लगभग 1200 लोगों को जिला के विभिन्न स्थानों पर 17 राहत शिविरों में ठहराया गया है, जहां सरकार ने उनके निःशुल्क भोजन व ठहरने की व्यवस्था की है।

95 प्रतिशत सड़कें बहाल

उद्योग मंत्री ने कहा कि मंडी जिले में भूस्खलन के कारण बाधित सड़कों में से 95 प्रतिशत सड़कों पर यातायात बहाल कर लिया गया है। अब जिले में केवल 25 सड़कें बंद हैं, वहां के लिए भी वैकल्पिक सड़क से लोगों को आवाजाही की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा सड़क, बिजली, पानी की सुविधा की त्वरित बहाली के लिए उठाए कदमों समेत प्रभावितों के लिए चलाए राहत एवं पुनर्वास के कार्यों की सराहना की।

इन इलाकों का किया दौरा

चौहान ने अपने दौरे में सुंदरनगर और बल्ह विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में गए। उन्होंने वहां बारिश और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों को लेकर समीक्षा की।

उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल योजनाओं, बिजली परियोजनाओं को हुए नुकसान का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को इनकी मरम्मत को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को हुए नुकसान का जायजा लेते हुए इसकी भरपाई के लिए हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

इस दौरान मंत्री ने सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत, चनोल, बरोटी में भूस्खलन से सड़क को हुए नुकसान का जायजा लिया। राजकीय प्राथमिक और उच्च पाठशाला सोहर के साथ लगते सोहर नाले से हुए नुकसान, मंझखेतर में बाढ़ से घरों को हुई क्षति का निरीक्षण किया तथा पीडि़तों को हिम्मत देते हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

मंत्री ने सुंदरनगर में भूस्खलन से बंद डैहर-कांगू सड़क, रोपड़ी गांव के बंगालू राम के घर को साथ लगते नाले से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बीडीओ सुंदरनगर को नाले की चैनेलाइजेशन और सुरक्षा दीवार निर्माण के निर्देश दिए। बल्ह विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान भडयाल, टिक्कर, बैहना, गलमा, मंझयाली, रिवालसर में हुए नुकसान का जायजा लिया।